जिले के विकासखण्ड गीदम अंतर्गत ग्राम पंचायत पहुरनार में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में आसपास की ग्राम पंचायतों बड़ेकारका, कौर गांव, तुमरी गुंडा और चेरपाल से बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना रहा।
शिविर में राजस्व, पंचायत, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खाद्य एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
शिविर के दौरान कुल 374 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 296 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रेषित करते हुए समय-सीमा में समाधान करने के निर्देश दिए गए।
प्राप्त आवेदनों में प्रमुख रूप से राशन कार्ड, आधार अपडेट, पेंशन, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा जॉब कार्ड, विद्युत कनेक्शन, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित मांगें शामिल रहीं। अधिकारियों ने हितग्राहियों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी।
बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया और उन्हें संबंधित काउंटर पर त्वरित सहायता प्रदान की गई। इस शिविर के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ, जिससे ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ सरल तरीके से प्राप्त हुआ।
शिविर में जनपद पंचायत सीईओ श्री बलराम ध्रुव सहित सभी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




