दंतेवाड़ा। ‘इया आपलो सामान निया’ अभियान के तहत दंतेवाड़ा पुलिस ने आम नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए गुम हुए मोबाइल फोन और संपत्ति वापस लौटाई है। इस अभियान के अंतर्गत कुल 141 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए, जिनकी अनुमानित कीमत 31 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार वर्मन और साइबर सेल नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक ठाकुर गौरव सिंह के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से न केवल दंतेवाड़ा जिले, बल्कि उत्तरप्रदेश और आसपास के जिलों जैसे जगदलपुर, सुकमा, बीजापुर और कोंडागांव से भी गुम मोबाइल बरामद किए।
सायबर हेल्पलाइन और शिकायत सुविधा शुरू
नागरिकों की सुविधा के लिए दंतेवाड़ा पुलिस ने सायबर हेल्पलाइन नंबर 9479151665 जारी किया है। इसके अलावा भारत सरकार की हेल्पलाइन 1930 और ईमेल cybercrime@gov.in पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। “सायबर हेल्पलाइन दंतेवाड़ा” नाम से व्हाट्सएप सेवा भी शुरू की गई है, जहां शिकायत दर्ज होते ही आवेदक को एक्नॉलेजमेंट नंबर उपलब्ध कराया जाएगा।
‘सायबर संगवारी’ से जागरूकता अभियान
सायबर अपराधों से बचाव के लिए पुलिस ने “सायबर संगवारी दंतेवाड़ा” नामक व्हाट्सएप चैनल भी शुरू किया है। इसके माध्यम से रोजाना साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की जाएगी।
दंतेवाड़ा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज, लिंक या बैंकिंग और सोशल मीडिया गतिविधि की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन पर दें। पुलिस का कहना है कि सावधानी ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।





