July 30, 2026

दंतेवाड़ा में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, जंगल से 3 IED समेत विस्फोटक और हथियार सामग्री बरामद

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। बारसूर थाना क्षेत्र के तोड़मा गांव के घने जंगलों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने तीन आईईडी (IED) बरामद कर नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। इसके अलावा विस्फोटक सामग्री, हथियारों से जुड़ा सामान, वायरलेस सेट, नक्सली वर्दी और साहित्य भी जब्त किया गया है।

खुफिया सूचना पर चला सर्च अभियान

जानकारी के अनुसार, जंगलों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए विस्फोटक, हथियार और अन्य सामग्री की तलाश के लिए सुरक्षाबल लगातार अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को खुफिया सूचना मिलने पर सीआरपीएफ की 195वीं बटालियन और दंतेवाड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने तोड़मा क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

दो प्रेशर कुकर IED और एक पाइप बम मिला

सर्चिंग के दौरान जवानों को जंगल में संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं। इसके बाद बम निरोधक दस्ते (BDS) को मौके पर बुलाया गया। जांच में दो प्रेशर कुकर IED और एक पाइप बम बरामद हुआ। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए तीनों विस्फोटकों को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया।

नक्सली सामग्री भी जब्त

ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, डेटोनेटर, हथियारों से संबंधित सामान, वायरलेस सेट, नक्सली वर्दी और साहित्य भी बरामद किया। अधिकारियों के अनुसार, बरामद सामग्री से नक्सलियों की गतिविधियों और उनकी योजनाओं के बारे में अहम जानकारी मिलने की संभावना है।

सभी जवान सुरक्षित लौटे

सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद सुरक्षाबलों की टीम सुरक्षित बेस कैंप लौट आई। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां बरामद सामग्री की जांच कर रही हैं और क्षेत्र में सर्च अभियान जारी है।