81वें दिन भी जारी डीएड अभ्यर्थियों का आमरण अनशन
रायपुर। डीएड अभ्यर्थियों का आमरण अनशन आज 81वें दिन भी जारी रहा। अपनी मांगों को लेकर अभ्यर्थी दण्डवत प्रणाम करते हुए विधानसभा घेराव के लिए शांतिपूर्ण तरीके से निकले थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें आधे रास्ते में ही रोक दिया। मौके पर मौजूद एसडीएम ने बताया कि अभ्यर्थी बॉन्ड भरकर अनशन पर बैठे हुए हैं, इसलिए उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा सकती। साथ ही आगे बढ़ने पर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
24 दिसंबर से जारी है अनिश्चितकालीन आंदोलन
रायपुर। डीएड अभ्यर्थी 24 दिसंबर से नया रायपुर तूता स्थित धरना स्थल पर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। अभ्यर्थियों की मांग है कि उन्हें 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति दी जाए। लंबे समय से जारी इस आंदोलन के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
कोर्ट के आदेश के बावजूद नियुक्ति नहीं मिलने का आरोप
रायपुर। अभ्यर्थियों का कहना है कि इस मामले में हाईकोर्ट ने 2 अप्रैल 2024 और 26 सितंबर 2025 को तथा सुप्रीम कोर्ट ने 28 अगस्त 2024 को आदेश देते हुए 2621 बर्खास्त बीएड सहायक शिक्षकों के स्थान पर 2621 डीएड अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण अभी भी 1326 पात्र डीएड अभ्यर्थी नियुक्ति से वंचित हैं।
दस्तावेज सत्यापन के बिना स्कूल अलॉटमेंट का आरोप
रायपुर। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है कि शिक्षा विभाग ने 2621 पदों पर बिना दस्तावेज सत्यापन के ही कॉमन मेरिट सूची से स्कूल अलॉटमेंट कर दिया, जिससे कई अपात्र अभ्यर्थियों को भी स्कूल आवंटित हो गए। इसके कारण बड़ी संख्या में पात्र अभ्यर्थी नियुक्ति से वंचित रह गए हैं। अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की है कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए सभी पात्र डीएड अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति दी जाए।





