रायपुर। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा है। बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में PDS व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और हितग्राहियों को समय पर राशन नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि कई राशन दुकानों में अगस्त का राशन अब तक नहीं पहुंचा है, जबकि चीनी की भी किल्लत बनी हुई है।
दीपक बैज ने कहा कि राशन कार्ड लेकर हितग्राही दुकानों के चक्कर लगा रहे हैं। राशन दुकानों में चीनी उपलब्ध नहीं है और बाजार में शक्कर की कीमत करीब 60 रुपये किलो तक पहुंच गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बस्तर में मिलने वाला चना और गुड़ भी कई महीनों से हितग्राहियों को नहीं मिल रहा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार गरीब जनता को समय पर राशन उपलब्ध कराने में भी असफल साबित हो रही है।
‘मुस्लिम लीग के साथ सरकार किसने चलाई थी?’
डिप्टी सीएम अरुण साव के कांग्रेस के मुस्लिम लीग के रास्ते पर चलने वाले बयान पर भी दीपक बैज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पांच महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें नीट का मामला, अयोध्या में चढ़ावे की चोरी, चीन का भारत पर कब्जा, महिला आरक्षण और ई-20 पेट्रोल जैसे विषय शामिल हैं।
बैज ने कहा कि इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय भाजपा मुस्लिम लीग की बात कर रही है। उन्होंने अरुण साव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे वकील हैं और आरएसएस से भी जुड़े रहे हैं, इसलिए उन्हें गूगल करके देख लेना चाहिए कि मुस्लिम लीग के साथ सरकार किसने चलाई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा को अपने नेताओं के ऐसे बयानों को गंभीरता से लेना चाहिए।
अजय चंद्राकर के बयान पर भी साधा निशाना
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के ‘कांग्रेस के लिए जेल तीर्थ स्थल जैसा’ बयान पर बैज ने कहा कि भाजपा यदि षड्यंत्रपूर्वक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को जेल भेजना चाहती है तो भेजे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने और फर्जी एफआईआर करने की कोशिश नई बात नहीं है।
बैज ने कहा कि बदले की भावना से एजेंसियों और पुलिस का दुरुपयोग करना गलत है। भाजपा यह न सोचे कि जेल भेजने या एफआईआर दर्ज करने से कांग्रेस डर जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा का रवैया इसी तरह जारी रहा तो जेल भी कम पड़ जाएंगे।
अभनपुर में गाली-गलौज के मामले पर बोले- जनप्रतिनिधि संयम बरतें
अभनपुर में कांग्रेस नेता द्वारा कथित रूप से अपशब्द कहे जाने का वीडियो वायरल होने के मामले में दीपक बैज ने कहा कि उन्होंने अभी वीडियो नहीं देखा है। उन्होंने कहा कि गाली-गलौज सिर्फ कांग्रेस नेता ही करते हैं, ऐसा नहीं है। सभी जनप्रतिनिधियों को संयम बरतना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियां क्यों पैदा हुईं, इसकी भी जांच होनी चाहिए। प्रदेश कांग्रेस कमेटी संबंधित नेता से चर्चा कर पूरे मामले की जानकारी लेगी। बैज ने कहा कि कई बार जनप्रतिनिधियों को धमकी दी जाती है और उन्हें काम नहीं करने दिया जाता, इसलिए पूरे मामले की परिस्थितियों को समझना जरूरी है।
ED की कार्रवाई पर भाजपा सरकार को घेरा
रामगोपाल अग्रवाल समेत कांग्रेस नेताओं से जुड़े ठिकानों पर ED की कार्रवाई को लेकर भी दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में ED और CBI की कार्रवाई अब कोई नई बात नहीं रह गई है, बल्कि यह भाजपा सरकार का रोज का काम बन गया है।
बैज ने आरोप लगाया कि रामगोपाल अग्रवाल पहले से ही ED की कस्टडी में हैं, इसके बावजूद पिछले दो साल से कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के यहां ED की रेड नहीं होती, बल्कि विपक्षी नेताओं को ही निशाना बनाया जाता है।
मोदी-शाह पर भी दीपक बैज का हमला
कथावाचक प्रदीप मिश्रा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भगवान शंकर से तुलना किए जाने पर भी दीपक बैज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रदीप मिश्रा कथावाचक और विद्वान हैं और उनके लिए कोई भगवान शिव हो सकता है, लेकिन कांग्रेस के लिए मोदी और शाह ऐसे लोग हैं, जिन्होंने देश को बेचने का काम किया।
बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने चंदे की चोरी की और युवाओं के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार इन मुद्दों को जनता के सामने उठाती रहेगी।





