July 23, 2026

2028 चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, भाजपा पर जमकर बरसे दीपक बैज

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर को संगठन मजबूती और वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारी का अहम मंच बताया है। उन्होंने कहा कि शिविर में कार्यकर्ताओं और जिला अध्यक्षों को जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

लल्लूराम डॉट कॉम से विशेष बातचीत में बैज ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद जिला अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर अर्जुन की तरह लक्ष्य साधेंगे और भाजपा की “कौरव सेना” का मजबूती से मुकाबला करेंगे। उनका लक्ष्य प्रदेशवासियों को भाजपा के “छल-प्रपंच” से दूर करना है।

नेताम के बयान पर पलटवार

प्रशिक्षण शिविर को लेकर कृषि मंत्री रामविचार नेताम की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए बैज ने कहा कि कांग्रेस गांधीवादी विचारधारा की ट्रेनिंग देती है, गोडसे की नहीं। उन्होंने कहा कि यदि रामविचार नेताम कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में एक घंटे भी बैठ जाएं तो वे मंत्री पद से इस्तीफा देकर भाजपा छोड़ देंगे।

भगवान राम के नाम पर राजनीति का आरोप

चंदखुरी में भगवान श्रीराम की नई प्रतिमा की स्थापना में हो रही देरी पर बैज ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा भगवान राम के नाम पर केवल राजनीति करती है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के समय प्रतिमा बदलने का निर्णय लिया गया था, लेकिन भाजपा सरकार इस दिशा में गंभीर नहीं है।

आपत्तिजनक पोस्ट पर कार्रवाई की मांग

सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में बैज ने दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाएं भड़काने की कोशिश की जा रही है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है।

यूसीसी पर उठाए सवाल

समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बड़ी आदिवासी आबादी है और पेसा कानून तथा पांचवीं अनुसूची को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूसीसी उद्योगपतियों के हितों को ध्यान में रखकर लाया जा रहा है।

सक्ती गोलीकांड और कानून-व्यवस्था पर हमला

सक्ती जिले में युवती की हत्या के मामले में गठित कांग्रेस जांच समिति का उल्लेख करते हुए बैज ने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था बदहाल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बड़ा आंदोलन भी करेगी।

खाद संकट पर सरकार को घेरा

खाद वितरण की टोकन व्यवस्था समाप्त किए जाने पर बैज ने कहा कि किसानों और कांग्रेस के दबाव के कारण सरकार को नियम बदलने पड़े। उन्होंने सवाल उठाया कि केवल टोकन व्यवस्था खत्म करने से खाद की समस्या समाप्त नहीं होगी। बैज ने कहा कि यदि खाद की कमी के कारण किसी किसान की आत्महत्या होती है तो इसकी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी।