रायपुर: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदलने की चर्चाओं के बीच PCC चीफ Deepak Baij ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता T. S. Singh Deo को दिल्ली जाने की सलाह देते हुए कहा कि “टीएस बाबा की दिल्ली में मजबूत पकड़ है, उन्हें यहां युवाओं को मौका देना चाहिए।”
रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान दीपक बैज ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच प्रदेश में चार से पांच घंटे तक बिजली कटौती हो रही है। गांवों में लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है और बिजली बिल भी महंगा कर दिया गया है। बैज ने आरोप लगाया कि बिजली उपलब्ध होने के बावजूद जनता को पर्याप्त सप्लाई नहीं मिल रही, जो सरकार का जनता के साथ विश्वासघात है।
स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन
दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध करेगी और सरकार से यह फैसला वापस लेने की मांग करेगी। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस प्रदेशभर में बड़े प्रदर्शन की तैयारी कर रही है।
मंत्रिमंडल बदलाव पर सरकार को घेरा
मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की चर्चाओं पर PCC चीफ ने कहा कि “सुशासन तिहार में मुख्यमंत्री को पता चल चुका है कि सरकार के सभी मंत्री फेल हो गए हैं। मंत्री उनके नियंत्रण में नहीं हैं और लूट-खसोट में लगे हुए हैं।” उन्होंने दावा किया कि सरकार चाहे जितने मंत्री बदल ले, लेकिन आने वाले समय में जनता सरकार बदल देगी।
केदार कश्यप के बयान पर पलटवार
भाजपा नेता Kedar Kashyap द्वारा कांग्रेस को नक्सलवाद की “बी पार्टी” बताए जाने पर दीपक बैज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद का दंश कांग्रेस और बस्तर के लोगों ने झेला है। बैज ने कहा कि केदार कश्यप की सरकार के दौरान ही उनके भाई की हत्या हुई थी और कांग्रेस ने भी अपने कई नेताओं को खोया है।





