September 4, 2026

PM मोदी के ‘दिमागी नक्सली’ बयान पर भड़के दीपक बैज, BJP से माफी मांगने की मांग

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सली’ बयान को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने बयान पर आपत्ति जताते हुए भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगने की मांग की है। बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सीधे तौर पर देश के युवाओं को ‘दिमागी नक्सली’ कहा है। उन्होंने भाजपा को नक्सलवाद पर कांग्रेस को ज्ञान देने के बजाय इसके खिलाफ कांग्रेस के संघर्ष को याद करने की सलाह दी।

वंदे मातरम् विवाद पर अजय चंद्राकर की चुनौती स्वीकार

वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस की भूमिका पर बहस के लिए भाजपा विधायक अजय चंद्राकर की चुनौती को दीपक बैज ने स्वीकार कर लिया है। बैज ने कहा कि कांग्रेस की ओर से भी अजय चंद्राकर को खुली चुनौती है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि बहस से पहले चंद्राकर यह बताएं कि 52 साल तक तिरंगा क्यों नहीं फहराया गया? तिरंगे को भाजपा के पूर्वजों ने अशुभ क्यों बताया था? साथ ही उन्होंने अंग्रेजों से माफी मांगने और पेंशन लेने के मुद्दे पर भी भाजपा से जवाब मांगा।

कमल विहार फेस-2 को लेकर सरकार पर निशाना

रायपुर में कमल विहार फेस-2 प्रोजेक्ट लाने की सरकार की तैयारी पर भी दीपक बैज ने निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का उद्देश्य गरीबों को आवास उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ऐसी जगह पर योजना लाना है जहां बड़े नेताओं, उनके करीबियों और अधिकारियों की जमीनें मौजूद हैं।

बैज ने आरोप लगाया कि सरकार जमीनों के दाम बढ़ाने और अपने लोगों को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से यह प्रोजेक्ट ला रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना से गरीबों को कोई वास्तविक लाभ नहीं मिलेगा।

यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर BJP पर पलटवार

छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर भाजपा द्वारा सोशल मीडिया पर जारी किए गए पोस्टर पर भी दीपक बैज ने प्रतिक्रिया दी। पोस्टर में भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव गुट को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा गया था।

बैज ने कहा कि मनोनयन के जरिए पार्टी चलाने वाली भाजपा को कांग्रेस पर उंगली उठाने से पहले अपने संगठन को देखना चाहिए। उन्होंने भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है और पार्टी के भीतर लोकतंत्र जिंदा है।