July 23, 2026

झीरम हमले पर दीपक बैज का बड़ा आरोप, बोले- भाजपा नहीं चाहती निष्पक्ष जांच

सूरजपुर। झीरम घाटी हमले की 13वीं बरसी पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सूरजपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए बैज ने कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि झीरम हमले की निष्पक्ष जांच हो। उन्होंने मांग की कि सरकार आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से लाइव पूछताछ कर सच्चाई सामने लाए।

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ नेता इस घटना में शामिल रहे हैं, इसलिए जांच को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब अधिकांश बड़े नक्सली लीडर आत्मसमर्पण कर चुके हैं, ऐसे में सरकार उनसे पूछताछ कर हमले के जिम्मेदार लोगों का खुलासा क्यों नहीं करती।

बैज ने कहा कि झीरम हमले में मारे गए नेताओं और कार्यकर्ताओं के परिजन आज भी न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एनआईए ने अब तक जांच रिपोर्ट कांग्रेस को उपलब्ध नहीं कराई है। कांग्रेस लगातार मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है।

जानिए क्या है झीरम कांड

झीरम घाटी हमला देश के सबसे बड़े नक्सली हमलों में से एक माना जाता है। यह घटना 25 मई 2013 को बस्तर के दरभा क्षेत्र स्थित झीरम घाटी में हुई थी। उस समय कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा सुकमा से लौट रही थी। जैसे ही नेताओं का काफिला झीरम घाटी पहुंचा, घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने हमला कर दिया।

इस हमले में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं समेत कुल 33 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें सुरक्षा बलों के जवान भी शामिल थे। बताया जाता है कि इस हमले को अंजाम देने के लिए 500 से अधिक नक्सलियों को तैनात किया गया था, जिनमें करीब 300 हार्डकोर नक्सली शामिल थे। घटना के बाद पूरे देश में सनसनी फैल गई थी और आज भी झीरम कांड छत्तीसगढ़ की राजनीति का सबसे चर्चित मामला माना जाता है।