रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा में पारित धर्मांतरण कानून को लेकर दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी केवल दिखावे के लिए कानून लाई है और इसका मकसद वोटों का ध्रुवीकरण करना है।
बैज ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या इस कानून से यह गारंटी है कि अब धर्मांतरण पूरी तरह रुक जाएगा? उन्होंने इसे “सिर्फ दिखावा” बताया।
अफीम की खेती पर सरकार पर संरक्षण का आरोप
दुर्ग, बलरामपुर के बाद रायगढ़ के तमनार क्षेत्र में अवैध अफीम खेती के खुलासे को लेकर भी बैज ने सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब भाजपा के संरक्षण में हो रहा है। बैज के अनुसार, रायगढ़ से इस तरह का चौथा मामला सामने आया है।
LPG संकट पर भी घेरा
एलपीजी की कथित कमी को लेकर पीसीसी चीफ ने कहा कि पूरे प्रदेश में लोग गैस सिलेंडर के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि यदि पर्याप्त गैस उपलब्ध है तो लोग लाइन में क्यों खड़े हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार पर कीमत बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है और सिलेंडर की कालाबाजारी हो रही है, जिससे प्रदेश में “त्राहिमाम” की स्थिति है।
5 राज्यों के चुनाव पर भी बयान
पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों में होने वाले चुनाव को लेकर भी दीपक बैज ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में केंद्रीय बलों के जरिए डराने का प्रयास किया जा रहा है और अधिकारियों को हटाया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सभी पांच राज्यों में मजबूत स्थिति में है और चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।





