May 17, 2026

छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था बदहाल: होली पर महिलाओं से अभद्रता, पुलिस की वर्दी तक फाड़ी गई – दीपक बैज

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य की कानून व्यवस्था और सरकार के कामकाज को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल हो चुकी है और होली के दिन पूरे राज्य में आतंक का माहौल देखने को मिला।

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि होली के दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता की कई घटनाएं सामने आईं और पुलिसकर्मियों की वर्दी तक फाड़ दी गई। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के पीछे शराब और नशे की बड़ी भूमिका रही है।

बैज ने कहा कि कांग्रेस के विरोध के कारण होली के दिन शराब दुकानें बंद रहीं। यदि उस दिन शराब की बिक्री होती तो स्थिति और भी भयावह हो सकती थी। उन्होंने राज्य के गृह मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि वे कानून व्यवस्था संभालने के बजाय सोशल मीडिया पर रील बनाने में व्यस्त हैं।

धान खरीदी को लेकर सरकार पर साधा निशाना

दीपक बैज ने धान खरीदी केंद्रों में धान में पानी डालने के वायरल वीडियो को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार धान का समय पर उठाव नहीं कर रही है, जिसके कारण लाखों क्विंटल धान खरीदी केंद्रों में पड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि गर्मी के कारण धान सूख रहा है और सरकार ने ऐसे नियम बना दिए हैं कि अगर धान सूख गया तो इसकी जिम्मेदारी खरीदी केंद्रों की होगी। अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए कर्मचारी मजबूरी में धान में पानी डाल रहे हैं। बैज ने आरोप लगाया कि सरकार ने धान खरीदी की पूरी व्यवस्था कर्मचारियों के भरोसे छोड़ दी है।

बजट और वित्तीय प्रबंधन पर भी उठाए सवाल

राज्य सरकार के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने कहा कि सरकार का “गति और ज्ञान” दोनों ही फेल हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक मितानिनों और एनएचएम कर्मचारियों को मानदेय नहीं मिला है।

बैज ने कहा कि रसोइयों समेत कई कर्मचारी हड़ताल पर हैं, जिसके कारण होली के दौरान कई घरों में चूल्हा तक नहीं जल पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार का वित्तीय प्रबंधन पूरी तरह से विफल हो चुका है।