लूट की घटना को लेकर सरकार पर हमला
रायपुर। प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सेजबहार में एक परिवार के साथ हुई लूट की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में “जंगलराज” की स्थिति है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपराध सरकार के नियंत्रण से बाहर हो चुका है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
शिक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
दीपक बैज ने सरकारी स्कूलों में श्लोक से शुरुआत कराने के फैसले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अभी तक छात्रों को किताबें उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं, RTE के तहत प्रवेश में दिक्कतें हैं, कई स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं और बालिकाओं के लिए शौचालय तक नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार को इन बुनियादी समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।
तीनों राज्यों में कांग्रेस सरकार का दावा
असम, केरल और पुडुचेरी में हो रहे चुनावों को लेकर बैज ने दावा किया कि तीनों राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है।
महतारी वंदन और KYC पर भी सवाल
महतारी वंदन योजना में KYC अनिवार्य किए जाने पर बैज ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार के पास धन की कमी है और KYC के नाम पर महिलाओं को योजना से बाहर करने की साजिश की जा रही है।
नक्सलमुक्त पंचायतों पर वादों को लेकर सवाल
नक्सलमुक्त पंचायतों को 1 करोड़ रुपये देने के वादे पर भी बैज ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार दावा कर रही है कि सभी जिले नक्सलमुक्त हो चुके हैं, तो संबंधित पंचायतों को राशि दी जानी चाहिए और इसका स्पष्ट विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
अंबिकापुर विवाद पर भी दी प्रतिक्रिया
अंबिकापुर में प्रतिमा अनावरण को लेकर हुए विवाद पर दीपक बैज ने कहा कि सभी का सम्मान होना चाहिए, लेकिन शहीद चंद्रशेखर आजाद का नाम प्राथमिकता में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का विरोध गलत नहीं है।





