September 4, 2026

दीपक बैज का भोजराज नाग पर तंज- नींबू काटने से बारिश रुकती है तो महंगाई भी रोक दें, पेट्रोल-शक्कर के दाम घटा दें

रायपुर। कांकेर सांसद भोजराज नाग के नींबू काटकर बारिश रोकने वाले वायरल वीडियो को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अगर नींबू काटने से बारिश रुक जाती है, तो नींबू काटकर महंगाई भी रोक दें, पेट्रोल और शक्कर की कीमतें कम करवा दें और बिजली के बिल भी घटा दें।

भाजपा की बैठक पर भी साधा निशाना

भाजपा की दो दिवसीय समन्वय बैठक को लेकर दीपक बैज ने दावा किया कि भाजपा में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्रियों का इस्तीफा लेकर रखा गया है और सभी का प्रदर्शन जीरो है। बैज ने यह भी दावा किया कि संगठन ने कुछ मंत्रियों को कड़ी फटकार लगाई है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार के कई मंत्री कमीशनखोरी में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ मंत्री बैठक से रोते हुए बाहर आए हैं। बैज ने कहा कि अब मंत्रिमंडल में बदलाव की नहीं, बल्कि सरकार बदलने की जरूरत है।

स्कूली छात्रों के आंदोलन पर सरकार को घेरा

प्रदेश में स्कूली छात्रों के आंदोलन को लेकर भी दीपक बैज ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि वे कठपुतली की तरह विभाग चला रहे हैं।

बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश के स्कूलों में किताबें, शिक्षक और भवन तक नहीं हैं, जबकि कई स्कूलों में पानी भरा हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि बदहाल शिक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी आखिर किसकी है।

उन्होंने कहा कि Gen Alpha ने अब सरकार के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है।