March 3, 2026

DEO Office Fire Case: शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आग पर सियासी संग्राम, BJP विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

रायपुर: जिले के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में आग लगने की घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने इस मामले में कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों के भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए कांग्रेसियों ने जानबूझकर DEO ऑफिस में आग लगवाई है।


“यह सामान्य हादसा नहीं, साजिश हो सकती है” – पुरंदर मिश्रा

भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि DEO कार्यालय में लगी आग कोई सामान्य दुर्घटना नहीं है, बल्कि इसके पीछे सोची-समझी साजिश हो सकती है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कांग्रेस के आगजनी एंगल से कराई जाए।

मिश्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता खुद आग लगाकर अब भ्रष्टाचार का हंगामा कर रहे हैं, ताकि उनके कार्यकाल में हुए घोटालों से जुड़े दस्तावेज नष्ट हो जाएं।


🛑 “जीरो टॉलरेंस की सरकार है, हर घोटाले की होगी जांच”

पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर के पत्र पर केंद्र सरकार द्वारा जांच के निर्देश दिए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए पुरंदर मिश्रा ने कहा कि इससे कांग्रेस खेमे में बेचैनी है।

उन्होंने कहा,
“ननकीराम कंवर वरिष्ठ और ईमानदार नेता हैं, जो लगातार भ्रष्टाचार उजागर कर रहे हैं। कांग्रेस सरकार के दौरान DMF घोटाला हुआ, जिसकी शिकायत की गई है। प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की सरकार है और हर घोटाले की जांच होगी।”


🔥 दीपक बैज का पलटवार: आगजनी भ्रष्टाचार छुपाने की कोशिश

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी इस घटना को साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि रायपुर DEO कार्यालय में आग लगने के बाद बिल्डिंग को तोड़ दिया गया, जो बेहद गंभीर मामला है।

बैज ने कहा,
“कार्यालय में जानबूझकर आग लगाई गई है। जले दस्तावेजों में कई वित्तीय और नियुक्ति से जुड़ी फाइलें थीं। जांच से पहले ही बिल्डिंग तोड़ दी गई, यह साफ तौर पर भ्रष्टाचार छुपाने की कोशिश है।”


⚖️ आग से जले दस्तावेजों पर उठे सवाल

आगजनी की घटना में DEO कार्यालय की कई महत्वपूर्ण फाइलों के जलने की बात सामने आ रही है, जिनमें नियुक्ति, भुगतान और प्रशासनिक रिकॉर्ड शामिल बताए जा रहे हैं। अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।