गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के देवभोग नगर पंचायत में उस समय हड़कंप मच गया जब सीएमओ के चेंबर में ही एकाउंटेंट से मारपीट की घटना सामने आ गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें चेंबर के भीतर ही जमकर हाथापाई होते दिखाई दे रही है।
घटना में एकाउंटेंट संदीप चंद्राकर पर कुछ लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप है। वीडियो में संदीप चंद्राकर भी एक व्यक्ति की पगड़ी उतारकर जवाबी कार्रवाई करते दिख रहे हैं। इस दौरान सीएमओ दुष्यंत साहू बीच-बचाव करते नजर आ रहे हैं, जबकि इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक मौके पर मौजूद होकर आक्रोशित अवस्था में दिखाई देते हैं।
सूचना के अनुसार यह घटना 7 मई की शाम करीब 5 बजे के बाद की बताई जा रही है। मामले के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। एक पक्ष की शिकायत पर इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक और उनके तीन सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत पर एकाउंटेंट संदीप चंद्राकर के खिलाफ भी पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी फैजुल शाह हुदा ने बताया कि शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीएमओ से घटना के दिन की सीसीटीवी फुटेज मांगी गई थी, लेकिन रिकॉर्डिंग न होने की बात कही गई थी। अब वायरल वीडियो की सत्यता की जांच के लिए भी पत्राचार किया जा रहा है।
घटना ने नगर पंचायत की कार्यशैली और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि संदीप चंद्राकर कर्मचारी यूनियन के प्रदेश कोषाध्यक्ष हैं, जबकि प्रभारी सीएमओ भी उसी यूनियन से जुड़े हैं। इसी कारण मामले में यूनियन स्तर पर भी हस्तक्षेप बढ़ गया है।
कर्मचारी यूनियन ने इस घटना को गंभीर मानते हुए पुलिस को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश तिवारी ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि यह दूसरी बार है जब कर्मचारियों और अधिकारियों की वजह से निकाय की छवि धूमिल हुई है। उन्होंने शासन से मांग की है कि यहां जिम्मेदार और जवाबदेह अधिकारियों की ही पोस्टिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





