March 4, 2026

धमतरी में खपरी बाईपास पर भीषण सड़क हादसा: 201 कोबरा बटालियन के 4 जवानों की मौत, 1 गंभीर रूप से घायल

धमतरी। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खपरी बाईपास पर एक भीषण सड़क हादसे में 201 कोबरा बटालियन के चार जवानों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक जवान गंभीर रूप से घायल है। सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जवानों को उपचार के लिए तथा दिवंगत जवानों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

जानकारी के अनुसार, जगदलपुर से 201 बटालियन के जवानों को लेकर आ रही डिजायर कार खपरी बाईपास पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से भिड़ गई। इतनी जबरदस्त टक्कर हुई कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे के बाद कार के अंदर फंसे जवानों को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया।

दर्दनाक हादसे में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो जवान अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ गए। इस हादसे में एक जवान गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।