धमतरी। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिहावा पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। कार्रवाई में 127.09 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है और दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 अप्रैल की शाम सांकरा स्थित फॉरेस्ट नाका पर वन विभाग द्वारा नियमित वाहन चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान एक सिल्वर रंग की कार (MH10-DQ-4294) को रोककर जांच की गई।
तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की से भूरे टेप में पैक 62 पैकेट गांजा बरामद हुआ। मौके पर थाना सिहावा पुलिस को बुलाकर गवाहों की मौजूदगी में विधिवत कार्रवाई की गई। तौल के बाद कुल 127.09 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 63.54 लाख रुपये बताई गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजा ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा घटना में प्रयुक्त कार (लगभग 9 लाख रुपये), दो मोबाइल फोन और 1500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 72.71 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) (ii) (सी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में संदीप विष्णु खोत (41 वर्ष) और स्वप्नील मुलिक (31 वर्ष), दोनों निवासी सांगली, महाराष्ट्र शामिल हैं। पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





