March 5, 2026

धमतरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय बस से 35 किलो गांजा बरामद किया, दो महिलाओं को किया गिरफ्तार

मतरी। छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। बोराई बॉर्डर चेक पोस्ट पर की गई सघन चेकिंग के दौरान ओडिशा से रायपुर जा रही एक अंतर्राज्यीय यात्री बस से लगभग 35 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया, जो बैग में गांजा भरकर तस्करी कर रही थीं।

पुलिस अधीक्षक (SP) धमतरी के निर्देश पर जिले के सीमावर्ती इलाकों में संदिग्ध वाहनों की सतत निगरानी की जा रही थी। इसी कड़ी में 4 फरवरी 2026 की रात करीब 12:30 बजे बोराई पुलिस ने ओडिशा के कोरापुट से रायपुर जा रही ‘नरेश’ बस (क्रमांक CG-07-E-4433) को चेकिंग के लिए रोका।

बस की तलाशी के दौरान लोअर बर्थ संख्या 23 और 24 पर बैठी दो महिलाओं की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। उनके पास रखे तीन ट्रॉली बैगों की तलाशी लेने पर 8 अलग-अलग बंडलों में मादक पदार्थ गांजा छिपाकर रखा हुआ मिला।

इस कार्रवाई में कुल 35 किलो 783 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹17,89,150 (लगभग 18 लाख रुपये) आंकी गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए गए तीन ट्रॉली सूटकेस और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस ने जिन दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, वे दूसरे राज्यों की रहने वाली हैं। रेखा रानी (30 वर्ष), निवासी फरीदकोट, पंजाब और कोमल चौधरी (29 वर्ष), निवासी नवरंगपुर (स्थायी पता- मथुरा, उत्तर प्रदेश)। बोराई थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 20(B) और 29 के तहत मामला दर्ज किया। बुधवार को दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य संपर्कों की तलाश में जुटी है और अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ सतत कार्रवाई कर रही है।