July 29, 2026

धमतरी में आदिवासी समाज का थाने के बाहर प्रदर्शन, सोशल मीडिया टिप्पणी को लेकर कार्रवाई की मांग

धमतरी। शहर के सिटी कोतवाली थाना परिसर में सोमवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब आदिवासी समाज के लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर धरने पर बैठ गए। समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि गरियाबंद निवासी संस्कार सतपति ने सोशल मीडिया पर आदिवासी समाज के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की है, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस मामले में उन्होंने पुलिस को शिकायत दी थी और एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई, लेकिन तत्काल कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर वे थाना परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए। बड़ी संख्या में समाज के लोगों की मौजूदगी के कारण कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा।

धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के वनवासी संबंधी बयान पर भी नाराजगी जताई और विरोध दर्ज कराया। उन्होंने मांग की कि सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने वाले युवक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

पुलिस अधिकारियों द्वारा जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर प्रदर्शन समाप्त किया गया। पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।