धमतरी। अर्जुनी थाना प्रभारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक और थाना प्रभारी के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। युवक ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
देर रात पूछताछ के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम मुजगहन के पास का है। बीती रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच एक युवक अपनी पत्नी और बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से आमदी की ओर जा रहा था। इसी दौरान रात्रि गश्त पर निकली पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक वाहन की स्थिति और दस्तावेजों में कुछ विसंगतियां मिलने पर पूछताछ की गई, जिसके बाद विवाद की स्थिति बन गई और बहस शुरू हो गई।
युवक ने लगाया मारपीट का आरोप
वायरल वीडियो में युवक पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाता नजर आ रहा है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान किसी प्रकार की मारपीट नहीं हुई।
पुलिस का दावा है कि युवक स्थानीय निवासी नहीं है और उसकी पहचान संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है। बताया गया कि वह आमदी क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा है।
सुरक्षा के मद्देनजर की गई थी पूछताछ
पुलिस अधिकारियों के अनुसार संबंधित मार्ग पर पहले लूटपाट और चाकूबाजी जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में गुजर रहे लोगों से पूछताछ करना नियमित सुरक्षा प्रक्रिया का हिस्सा है।
अधिकारियों ने बताया कि युवक दूसरी भाषा में बातचीत कर रहा था, इसलिए उसकी पहचान और तथ्यों के सत्यापन की प्रक्रिया भी की जा रही है।
पुलिसकर्मियों को जारी हुआ नोटिस
धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि घटना से जुड़े दो अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो युवक के पक्ष को दर्शाता है, जबकि दूसरे वीडियो में युवक पुलिसकर्मियों को उकसाते हुए दिखाई दे रहा है।
एसपी ने बताया कि पूरे मामले की वस्तुस्थिति जानने के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो के बाद उठे सवाल
घटना के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर बहस छिड़ गई है। देर रात चेकिंग, संदिग्ध वाहनों की जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।





