September 4, 2026

शिक्षकों की कमी और स्कूल मर्जर को लेकर पालकों का फूटा गुस्सा, धमतरी-बालोद में स्कूलों में जड़ा ताला

बालोद। शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति और युक्तियुक्तकरण के तहत स्कूलों के विलय को लेकर छात्रों और पालकों का आक्रोश सामने आने लगा है। सोमवार को धमतरी और बालोद जिले से स्कूलों में तालाबंदी किए जाने के मामले सामने आए।

धमतरी जिले के बारना शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्रों के साथ पालकों और ग्रामीणों ने तेज बारिश के बीच शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर स्कूल में ताला जड़ दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से स्कूल में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि जब तक शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की जाती, तब तक स्कूल का ताला नहीं खोला जाएगा।

वहीं, बालोद जिले के शासकीय नवीन प्राथमिक शाला शिकारीटोला क्रमांक-2 में भी पालकों ने स्कूल में तालाबंदी कर दी। पालकों ने स्कूल को युक्तियुक्तकरण के तहत माध्यमिक विद्यालय करियाटोला में मर्ज किए जाने के फैसले का विरोध किया है। उनका कहना है कि स्कूल का विलय किया जाना उचित नहीं है और इससे बच्चों को पढ़ाई के लिए परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

पालकों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनकी मांगों और आपत्तियों को अधिकारियों द्वारा गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसके चलते उन्हें तालाबंदी का कदम उठाना पड़ा। मामले की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार देवेन्द्र नेताम और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और नाराज ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल दोनों मामलों में ग्रामीणों की मांगों और प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।