July 23, 2026

आत्महत्या नहीं, निकली सुनियोजित हत्या; 48 घंटे में खुलासा, मां और भाई गिरफ्तार

DHAMTARI NEWS UPDATE: धमतरी। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरेझर चौकी के ग्राम गोजी में 23 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा किया है। जिस मामले को शुरुआती तौर पर आत्महत्या माना जा रहा था, वह जांच में सुनियोजित हत्या निकला। पुलिस ने मृतक की मां और भाई को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 29 जून को ग्राम गोजी निवासी 23 वर्षीय नरसिंग साहू का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि युवक की मौत फांसी लगाने से नहीं, बल्कि गला दबाने और रस्सी से गला कसने के कारण हुई थी। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।

पूछताछ के दौरान मृतक के भाई नरेश साहू और मां कमला बाई साहू ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि नरसिंग साहू शराब पीने के लिए पैसों की मांग कर रहा था। पैसे नहीं मिलने पर विवाद बढ़ गया और गुस्से में दोनों ने पहले उसका गला दबाया, फिर नारियल की रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों को शक था कि युवक अभी जीवित हो सकता है, इसलिए उसे कीटनाशक भी पिला दिया गया। हत्या के बाद दोनों ने शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो और पुलिस को गुमराह किया जा सके।

हालांकि घटनास्थल से मिले साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।