May 15, 2026

धमतरी में बुलडोजर एक्शन: 25 से ज्यादा अवैध मकान ढहाए, इलाके में हड़कंप

धमतरी। जिले के नगरी क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 से अधिक अवैध मकानों पर बुलडोजर चला दिया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, नगरी के गोनदला नाला गांव में पिछले कई वर्षों से अतिक्रमण कर अवैध निर्माण किए गए थे। प्रशासन की ओर से इन कब्जाधारियों को कई बार नोटिस और अल्टीमेटम जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद जमीन खाली नहीं की गई।

नोटिस के बावजूद कब्जा नहीं हटाने पर आज वन विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है और अवैध अतिक्रमण को हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल क्षेत्र में प्रशासन की कार्रवाई जारी है और हालात पर नजर रखी जा रही है।