May 14, 2026

धमतरी में CAF जवान ने लगाई फांसी, किराए के मकान में मिला शव

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में CAF जवान की आत्महत्या का मामला सामने आया है। शहर की पिंक सिटी कॉलोनी स्थित किराए के मकान में जवान का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मृतक की पहचान जागेश्वर प्रसाद के रूप में हुई है, जो भटगांव का निवासी था और सूरजपुर में पदस्थ था। बताया जा रहा है कि वह हाल ही में बंगाल और असम चुनाव ड्यूटी से छुट्टी लेकर घर लौटा था।

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जवान को शराब पीने की लत थी। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि विवाद के बाद उसने आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की पुष्टि करने में जुटी हुई है।