धमतरी। कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को धमतरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। गांधी मैदान के पास बड़ी संख्या में एकत्र हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता अपने विरोध पर अड़े रहे। कुछ देर तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, हालांकि बाद में मामला शांत हो गया और स्थिति सामान्य हो गई।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने और विपक्षी नेताओं को प्रताड़ित करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों का उपयोग राजनीतिक दबाव बनाने के बजाय निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होना चाहिए।
जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जांच एजेंसियों की निष्पक्षता बनाए रखना बेहद जरूरी है और राजनीतिक दुर्भावना से की जा रही कार्रवाई का पार्टी लगातार विरोध करती रहेगी।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, पूर्व विधायक लेखराम साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





