September 4, 2026

धमतरी में आरक्षक ने घर पर फांसी लगाकर की आत्महत्या, छुट्टी लेकर गांव आया था जवान; जांच में जुटी पुलिस

धमतरी। जिले के कानि डबरी गांव में एक आरक्षक ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची अर्जुनी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।

छुट्टी लेकर गांव आया था आरक्षक

जानकारी के मुताबिक मृतक रूप नारायण नागवंशी कानि डबरी गांव के रहने वाले थे और बीजापुर जिले के आमापल्ली में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि वे कुछ दिनों की छुट्टी लेकर अपने गांव आए हुए थे।

इसी दौरान उन्होंने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर में फांसी लगा ली। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आरक्षक द्वारा उठाए गए इस कदम के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस को मौके से कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।