July 30, 2026

ट्रक चालक से मारपीट का वीडियो वायरल, कुरूद थाना का आरक्षक निलंबित

धमतरी। जिले में पुलिसकर्मी की कथित दबंगई का मामला सामने आया है। कुरूद थाना में पदस्थ एक आरक्षक का ट्रक चालक के साथ मारपीट करते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, मामला कुरूद थाना क्षेत्र स्थित मारौद टोल प्लाजा के पास का है। वायरल वीडियो में कुरूद थाना में पदस्थ आरक्षक पवन बर्मन एक ट्रक चालक के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों तक पहुंची।

मामले को गंभीरता से लेते हुए धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह ने आरक्षक पवन बर्मन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ट्रक चालक और आरक्षक के बीच विवाद किस कारण हुआ था और मारपीट किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

गौरतलब है कि धमतरी जिले में हाल के महीनों में पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट के कई मामले और वीडियो सामने आए हैं। ऐसे मामलों के लगातार सामने आने से पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अब इस मामले में जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी तय हो सकेगी।