July 23, 2026

धमतरी में बिच्छू के डंक से किसान की मौत, खेत में काम के दौरान हुआ हादसा

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बारिश के बीच जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ता जा रहा है। जिले के भखारा क्षेत्र में खेत में काम कर रहे एक बुजुर्ग किसान की बिच्छू के डंक से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, भखारा क्षेत्र निवासी परदेशी राम खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें जहरीले बिच्छू ने डंक मार दिया। डंक लगने के कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें धमतरी के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद पूरे गांव और परिवार में शोक का माहौल है।

बारिश में बरतें सावधानी

बरसात के मौसम में बिच्छू, सांप और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में खेतों, झाड़ियों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

बिच्छू के डंक पर क्या करें?

यदि किसी व्यक्ति को बिच्छू डंक मार दे, तो घबराने के बजाय सबसे पहले प्रभावित स्थान को साबुन और साफ पानी से धोएं। दर्द और सूजन कम करने के लिए ठंडी सिकाई करें। यदि सांस लेने में तकलीफ, तेज धड़कन, अत्यधिक दर्द या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें, तो बिना देरी किए मरीज को नजदीकी अस्पताल या आपातकालीन चिकित्सा केंद्र ले जाएं।