धमतरी जिले में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान आज से शुरू हो गया। यह अभियान 10 फरवरी से 25 फरवरी तक जिले के सभी क्षेत्रों में आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य लोगों को जागरूक करना और दवा का सेवन कर फाइलेरिया रोग के प्रसार को रोकना है।
आज जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में सभी अधिकारियों ने सामूहिक रूप से दवा का सेवन कर आम जनता को इस अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे, सहायक कलेक्टर श्री अरविंथ कुमारन, एडीएम श्री शिव कुमार बनर्जी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
अधिकारियों ने सभी लोगों से अपील की कि वे निर्धारित समय पर दवा का सेवन अवश्य करें, क्योंकि फाइलेरिया जैसी बीमारी से बचाव केवल सामूहिक प्रयास से ही संभव है। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी घर-घर जाकर दवा का वितरण करेंगे और रोग व उसके बचाव के उपायों की जानकारी देंगे।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाली बीमारी है, जिसे समय रहते रोकथाम के प्रयासों से नियंत्रित किया जा सकता है। अधिकारियों ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे अभियान में पूर्ण सहयोग दें और अपने परिवार के सभी सदस्यों का दवा सेवन सुनिश्चित करें।




