धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आग बुझाने के लिए जा रहा अग्निशमन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें फायर ब्रिगेड चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना दुगली थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक अग्निशमन वाहन नगरी से बागतराई क्षेत्र में लगी आग बुझाने के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान गट्टासिल्ली मोड़ के पास वाहन पहले से खड़े एक तूफान वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में अग्निशमन वाहन चला रहे नगरी निवासी फलेंद्र साहू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार कंडक्टर राजू साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही दुगली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक चालक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं के दौरान सतर्क वाहन संचालन की आवश्यकता को उजागर किया है।





