July 23, 2026

धमतरी में विदेशी डेबिट कार्ड से 3.20 करोड़ की निकासी की जांच, SIA के रडार पर आया एटीएम

धमतरी। विदेशी फंडिंग से जुड़े संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जांच अब धमतरी जिले तक पहुंच गई है। करीब 90 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन की जांच कर रही एजेंसियों के सामने एक नया मामला आया है। टिकरापारा स्थित एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के एटीएम से विदेशी डेबिट कार्ड के माध्यम से करीब 3.20 करोड़ रुपये निकाले जाने की जानकारी सामने आने के बाद जांच एजेंसी SIA ने मामले की जांच तेज कर दी है।

विदेशी डेबिट कार्ड से 3200 बार हुई निकासी

प्राथमिक जांच के अनुसार, टिकरापारा स्थित एटीएम, सुंदरगंज चर्च से लगभग 15 से 20 मीटर की दूरी पर स्थित है। जांच एजेंसी ने संबंधित बैंक से एटीएम के ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जांच में अब तक यह जानकारी सामने आई है कि विदेशी डेबिट कार्ड का इस्तेमाल करते हुए करीब 3,200 बार 10-10 हजार रुपये की निकासी की गई। इस तरह कुल निकाली गई राशि लगभग 3.20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। एजेंसियां इन लेनदेन के जरिए पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।

संदिग्ध फरार, तलाश जारी

सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान संबंधित संदिग्ध व्यक्ति मौके पर नहीं मिला और उसके फरार होने की जानकारी सामने आई है। उसकी तलाश की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि कथित विदेशी फंडिंग का इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया गया और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका रही।

जांच पूरी होने के बाद होगी स्थिति स्पष्ट

फिलहाल मामले की जांच जारी है। जांच एजेंसियों की ओर से अभी तक इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और तथ्यों के सत्यापन के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।