धमतरी। जिले के नगरी वन परिक्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम का ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया। ग्राम मोहम्मला और परसापानी के बीच वन भूमि पर चल रही अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वन अमले का घेराव कर दिया। इससे कुछ देर के लिए क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
100 एकड़ वन भूमि पर अतिक्रमण की तैयारी
वन विभाग के अनुसार, जंगल की करीब 100 एकड़ सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर उसे खेती योग्य जमीन में बदलने की तैयारी की जा रही थी। सूचना मिलने के बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम को घेर लिया।
समझाइश के बाद शांत हुए ग्रामीण
स्थिति को देखते हुए वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा की और भरोसा दिलाया कि बिना नियमानुसार नोटिस दिए किसी भी मकान या निर्माण को नहीं हटाया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और स्थिति सामान्य हो गई।
वन विभाग ने दी आगे कार्रवाई की चेतावनी
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित भूमि सरकारी वन भूमि है और उस पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नियमों के विरुद्ध है। विभाग का कहना है कि भविष्य में नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल मौके पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन वन विभाग की चेतावनी के बाद क्षेत्र में आगे होने वाली प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या अगला कदम उठाता है।





