धमतरी। जिले के मगरलोड क्षेत्र में एक पैक्ड जूस (फ्रूटी) के अंदर संदिग्ध फंगल पदार्थ मिलने का मामला सामने आया है। जूस पी रही एक बच्ची के परिजनों ने पैक के भीतर तैरती हुई संदिग्ध वस्तु देखी, जिसके बाद एहतियातन बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। फिलहाल बच्ची डॉक्टरों की निगरानी में है।
जूस पीने के दौरान दिखा संदिग्ध पदार्थ
जानकारी के अनुसार, मगरलोड विकासखंड के करेलीबड़ी गांव में रहने वाली एक बच्ची ने स्थानीय जनरल स्टोर से फ्रूटी खरीदी थी। घर पहुंचकर जब वह जूस पी रही थी, तभी परिजनों की नजर पैक के भीतर गई। उन्होंने देखा कि जूस में कोई संदिग्ध पदार्थ या फंगल जैसी वस्तु तैर रही है।
यह देखकर परिजन घबरा गए और तत्काल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सकों ने एहतियात के तौर पर बच्ची का परीक्षण किया और उसे निगरानी में रखा गया है।
खाद्य विभाग ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और संबंधित जनरल स्टोर से जांच के लिए सैंपल एकत्र किए। अधिकारियों ने संबंधित बैच के उत्पादों को जांच के दायरे में लेते हुए उनके स्रोत की पड़ताल शुरू कर दी है।
विभाग यह भी जांच कर रहा है कि संबंधित उत्पाद किस थोक विक्रेता या डीलर के माध्यम से दुकान तक पहुंचा था और कहीं भंडारण या आपूर्ति प्रक्रिया में कोई लापरवाही तो नहीं हुई।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में पैक्ड खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि उत्पाद नकली था, खराब हो चुका था या भंडारण संबंधी किसी त्रुटि के कारण उसमें फंगल संक्रमण हुआ।
खाद्य विभाग का कहना है कि जूस के नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
क्या कहा खाद्य विभाग ने
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक तौर पर पैक में फंगल जैसी वस्तु दिखाई दे रही है। मामले की वैज्ञानिक जांच कराई जा रही है। साथ ही संबंधित रिटेलर और सप्लाई चैन की भी जांच की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





