धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गंगरेल बांध के तट पर स्थित मां अंगार मोती मंदिर इन दिनों रहस्यमयी घटनाओं को लेकर चर्चा में है। श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र इस शक्तिपीठ में पिछले डेढ़ महीने के दौरान मंदिर परिसर में लगाया गया नया सीलिंग शेड तीन बार अचानक गिर चुका है। इसके बाद मंदिर समिति और पुजारियों ने शेड हटाने का फैसला लिया है।
बताया जा रहा है कि चैत्र नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में नया शेड लगाया गया था। हालांकि शेड लगने के बाद लगातार उसके हिस्से टूटकर गिरने लगे। पुजारियों का दावा है कि मां अंगार मोती सदियों से खुले आसमान के नीचे विराजमान हैं और उन्हें बंद छत पसंद नहीं है।
मंदिर के पुजारियों ने यह भी दावा किया कि एक काला सांड मंदिर परिसर में आकर जलते दीपकों को बुझा देता था। पुजारियों के अनुसार प्रार्थना के बाद यह सिलसिला बंद हुआ। उनका कहना है कि मां ने सपने में दर्शन देकर खुले स्थान में रहने की इच्छा जताई थी।
पुजारियों के मुताबिक पहले भी मंदिर निर्माण या छत डालने की कोशिशों के दौरान ऐसे संकेत मिले थे। अब लगातार हो रही घटनाओं को देवी की नाराजगी मानते हुए मंदिर समिति ने शेड हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गंगरेल के घने जंगलों के बीच स्थित मां अंगार मोती मंदिर में देश-विदेश से श्रद्धालु मन्नतें लेकर पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों के बीच यह घटना आस्था और विश्वास का विषय बनी हुई है।





