September 4, 2026

धमतरी के जीजामगांव ITI में पहली बार शुरू हुआ इलेक्ट्रिक व्हीकल ट्रेड, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर

धमतरी। जिले में युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। नवीन शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (ITI) जीजामगांव में सत्र 2026-27 से पहली बार मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल ट्रेड का प्रथम बैच शुरू किया गया है। खास बात यह है कि यह संस्था का भी पहला प्रशिक्षण सत्र होगा।

इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते इस्तेमाल और ऑटोमोबाइल सेक्टर में तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों को देखते हुए इस ट्रेड को युवाओं के लिए रोजगार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दो साल के पाठ्यक्रम में आधुनिक तकनीक की ट्रेनिंग

मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल दो वर्षीय पाठ्यक्रम है। इसमें विद्यार्थियों को इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक के साथ बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS), मोटर कंट्रोल, चार्जिंग सिस्टम, वाहन सर्विसिंग और फॉल्ट डायग्नोसिस जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक और उद्योग आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा।

वर्तमान में यह ट्रेड छत्तीसगढ़ के चुनिंदा 5 शासकीय ITI में संचालित है। ऐसे में जीजामगांव ITI में इसकी शुरुआत जिले के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

ई-व्हीकल सेक्टर में बढ़ेंगी रोजगार की संभावनाएं

इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते चलन के साथ अधिकृत सर्विस सेंटर, ई-व्हीकल निर्माण कंपनियां, चार्जिंग स्टेशन और बैटरी सर्विस से जुड़ी इकाइयों में प्रशिक्षित तकनीशियनों की मांग बढ़ने की संभावना है।

प्रशिक्षण प्राप्त युवा नौकरी के साथ अपना ई-व्हीकल सर्विस सेंटर या तकनीकी सेवा केंद्र शुरू कर स्वरोजगार भी स्थापित कर सकेंगे।

जीजामगांव क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही विकास गतिविधियां

जीजामगांव क्षेत्र में फॉरेस्ट पार्क, फूड पार्क सहित विभिन्न विकास और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। हाल ही में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नवीन ITI भवन के लिए चिह्नित भूमि का निरीक्षण भी किया था।

जिला धमतरी की नोडल संस्था शासकीय ITI कुरूद के प्राचार्य योगेश देवांगन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए इस नए ट्रेड में प्रवेश लेने की अपील की है।

ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू

ITI में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीयन और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय-सीमा में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश से संबंधित अधिक जानकारी के लिए शासकीय ITI कुरूद से संपर्क किया जा सकता है।

83 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों में शामिल थी ITI की सौगात

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 23 सितंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम करेली बड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान धमतरी जिले के लिए 83 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा की थी। इनमें जीजामगांव में नवीन ITI की स्थापना भी शामिल थी।