July 30, 2026

बरारी गांव में 70 डिसमिल सरकारी भूमि पर पेड़ काटकर निर्माण की तैयारी, प्रशासन ने शुरू की जांच

धमतरी |

धमतरी जिले के ग्राम बरारी में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण कर रिसॉर्ट निर्माण की तैयारी का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य रुकवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बरारी में करीब 70 डिसमिल शासकीय भूमि पर लगे पेड़ों की कटाई कर रिसॉर्ट निर्माण की तैयारी की जा रही थी। मामले की शिकायत प्रशासन तक पहुंचने के बाद राजस्व और संबंधित विभागों की टीम सक्रिय हुई और निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई।

मामले में आरोपों के घेरे में आए बरारी निवासी खूबलाल ध्रुव का कहना है कि वह पिछले लगभग 40 वर्षों से उक्त भूमि पर निवास कर रहा है। उन्होंने खुद को डुबान प्रभावित बताते हुए कहा कि कुछ लोगों की शिकायत के कारण यह मामला सामने आया है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा की जाने वाली वैधानिक कार्रवाई उन्हें स्वीकार होगी।

इधर, मामले को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। यदि भूमि शासकीय है तो उस पर निर्माण कार्य किस आधार पर किया जा रहा था और पेड़ों की कटाई के लिए संबंधित विभागों से अनुमति ली गई थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

फिलहाल प्रशासन ने निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है और भूमि की स्थिति, स्वामित्व तथा पेड़ कटाई से जुड़े पहलुओं की जांच में जुट गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।