धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से करीब आधा दर्जन लोगों के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। लगातार सामने आ रही गुमशुदगी की घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। खास बात यह है कि इन मामलों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं। सभी मामलों में संबंधित थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है।
पुलिस अब लापता लोगों की तलाश के साथ-साथ इन सभी मामलों के बीच किसी संभावित कड़ी या समान पैटर्न की भी जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि आने वाले दिनों में गुमशुदगी की शिकायतों की संख्या और बढ़ सकती है।
अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लोग हुए गायब
धमतरी जिले के सिहावा, मगरलोड, कुरूद और कोतवाली थाना क्षेत्रों में अलग-अलग तारीखों पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई है। इनमें सिहावा थाने में 3, मगरलोड में 1, कुरूद में 1 और कोतवाली थाना क्षेत्र में 1 गुमशुदगी का मामला सामने आया है।
लापता लोगों में कई महिलाएं शामिल
सिहावा थाना क्षेत्र में नवविवाहिता सत्यवती नेताम सोमवार रात से लापता बताई जा रही हैं। वहीं संतोषी बिसेन और रोहिणी भी अपने-अपने काम के लिए घर से निकली थीं, लेकिन इसके बाद दोनों का कोई पता नहीं चल पाया।
इसी तरह मगरलोड थाना क्षेत्र में जानकी सागरवंशी की गुमशुदगी की रिपोर्ट उनके पति ने दर्ज कराई है।
बस स्टैंड से महिला लापता, रायपुर जाने निकले युवक का भी सुराग नहीं
कोतवाली थाना क्षेत्र में भगवती साहू धमतरी बस स्टैंड से बस में बैठने के बाद अचानक लापता हो गईं। उनकी बहन ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वहीं कुरूद थाना क्षेत्र से झम्मन साहू के लापता होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि झम्मन घर से रायपुर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे।
मामलों के बीच कड़ी तलाश रही पुलिस
अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ करीब आधा दर्जन लोगों के लापता होने से पुलिस के सामने चुनौती बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस सभी मामलों को अलग-अलग स्तर पर जांचते हुए लापता लोगों की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या इन गुमशुदगी की घटनाओं के बीच कोई साझा कड़ी, संपर्क या पैटर्न मौजूद है।
पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इन सभी मामलों का आपस में कोई संबंध है या ये अलग-अलग घटनाएं हैं।





