July 31, 2026

पत्नी के प्रेमी को घर बुलाकर कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट, धमतरी पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पत्नी के प्रेमी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाजार कुर्रीडीह में आरोपी ने पहले पत्नी के प्रेमी को घर बुलाया और फिर रात के अंधेरे में कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बाजार कुर्रीडीह निवासी पूर्णिमा सोरी (31) का पिछले करीब एक वर्ष से मध्यप्रदेश के मंदसौर निवासी शंकर सूर्यवंशी के साथ प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि शंकर समय-समय पर पूर्णिमा से मिलने गांव आता था। करीब 15 दिन पहले पूर्णिमा अपनी दो बेटियों के साथ मंदसौर जाकर शंकर के घर भी रुकी थी और कुछ दिनों बाद वापस लौट आई थी।

पत्नी से बुलवाया, फिर रात में कर दी हत्या

पत्नी और शंकर के संबंधों से नाराज पति योगेंद्र सोरी ने हत्या की योजना बनाई। 8 जुलाई को जब शंकर बाजार कुर्रीडीह पहुंचा तो योगेंद्र ने अपनी पत्नी के माध्यम से उसे घर बुलवा लिया। रात में भोजन करने के बाद पति-पत्नी, दोनों बच्चे और शंकर एक ही कमरे में सो गए।

पुलिस के मुताबिक, तड़के करीब 3 बजे योगेंद्र ने सो रहे शंकर पर कुल्हाड़ी से गले पर जानलेवा वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल शंकर को 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

कुल्हाड़ी बरामद, आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी जब्त की और आरोपी योगेंद्र सोरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने अफवाहों का किया खंडन

घटना के बाद क्षेत्र में यह चर्चा फैल गई थी कि मृतक किसी पुलिस या सुरक्षा बल का जवान था। हालांकि पुलिस ने इन दावों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया कि शंकर सूर्यवंशी किसी भी पुलिस या सुरक्षा बल में कार्यरत नहीं था। मामले की जांच जारी है।