धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध संबंध के शक में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाजार कुर्रीडीह में एक युवक की महिला के पति ने टंगिया से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी शंकर सूर्यवंशी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पहले शंकर की मोबाइल फोन के माध्यम से गांव की एक महिला से जान-पहचान हुई थी। आरोप है कि उसने खुद को सेना का जवान बताकर महिला से संबंध बनाए।
बुधवार को शंकर सूर्यवंशी महिला से मिलने मंदसौर से धमतरी पहुंचा और रात में महिला के घर पर ही रुका था। इसी दौरान महिला के पति ने दोनों को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। गुस्से में आकर उसने टंगिया से शंकर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों के बीच संबंध कब से थे और घटना तक की परिस्थितियां क्या थीं।





