May 15, 2026

धमतरी में IPL सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार, 5 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त

धमतरी पुलिस ने आईपीएल सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुरूद थाना क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बीएसएनएल ऑफिस के पास दो व्यक्ति ऑनलाइन ऐप के माध्यम से आईपीएल सट्टा चला रहे हैं।

सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी मोबाइल फोन में BLISSEXCH ऐप के जरिए सट्टा लगाते हुए रंगे हाथ पकड़े गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीवन यादव (40 वर्ष), निवासी पुराना बस स्टैंड कुरूद, और कौशल साहू (31 वर्ष), निवासी कारगिल चौक कुरूद के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से 2 मोबाइल फोन, 1 आईफोन (लगभग 85 हजार रुपये), 20,500 रुपये नकद तथा एक सफेद रंग की अर्टिका कार (क्रमांक CG-05 AP-8457, कीमत लगभग 4 लाख रुपये) जब्त की है। कुल जब्ती 5,05,500 रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। जीवन यादव के खिलाफ पहले से जुआ एक्ट, धमकी और मारपीट के मामले दर्ज हैं, जबकि कौशल साहू के खिलाफ भी जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज है। इस मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 एवं बीएनएस की धारा 112, 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है।

गौरतलब है कि हाल ही में सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस ने सिहावा चौक में कार्रवाई करते हुए 5 जुआरियों को गिरफ्तार कर 83 हजार रुपये नकद जब्त किए थे। इसके अलावा जिले में अलग-अलग स्थानों पर 6 प्रकरणों में 1.39 लाख रुपये से अधिक की राशि बरामद की गई थी।

एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि जिले में जुआ और सट्टा जैसे अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।