July 23, 2026

जनदर्शन में परिवार समेत पहुंचे युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, अधिकारियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

धमतरी। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अपनी शिकायत लेकर पहुंचे एक युवक ने पत्नी और दो बच्चों के सामने खुद पर मिट्टी तेल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। युवक को तत्काल रोककर सुरक्षित कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार युवक की पहचान रोहित सोनी के रूप में हुई है, जो धमतरी शहर के पोस्ट ऑफिस वार्ड स्थित साई बाबा मंदिर के पास का निवासी है। रोहित ने कलेक्टर को सौंपे आवेदन में परिवार सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है।

युवक का आरोप है कि उसका परिवार पिछले लगभग 60 वर्षों से बढ़ेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित मकान में रह रहा है, लेकिन हाल के दिनों में मंदिर से जुड़े कुछ लोगों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।

रोहित सोनी ने आरोप लगाया कि जब वह अपने मकान का निर्माण कार्य करा रहा था, तब 10 से 20 लोगों का समूह उसके घर में घुस आया और निर्माण कार्य रुकवा दिया। उसने दावा किया कि उसे मकान छोड़ने के लिए दबाव बनाया जा रहा है और धमकियां भी दी गई हैं।

आवेदन में भाजपा पार्षद निलेश लुनिया और उनके कुछ समर्थकों पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। युवक का कहना है कि उस पर लगातार घर खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके घर तक पहुंचने वाले रास्ते को खोदकर गड्ढा बना दिया गया है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है।

पीड़ित का कहना है कि उसने कई बार नगर निगम और अन्य अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसी से परेशान होकर वह जनदर्शन कार्यक्रम में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ पहुंचा था।

जनदर्शन के दौरान अचानक उसने अपने ऊपर मिट्टी तेल छिड़क लिया और आत्मदाह करने का प्रयास किया। हालांकि मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे रोक लिया। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

युवक ने प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, घर तक पहुंचने का रास्ता बहाल कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल प्रशासन ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। घटना के बाद यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।