धमतरी। देशभर के साथ धमतरी में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शहर के भगवान कृष्ण-कन्हैया मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। श्रद्धालु पूजा-पाठ और विभिन्न धार्मिक विधानों के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियों में जुटे हैं।
बांके बिहारी मंदिर में विशेष आयोजन
धमतरी के प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। सुबह से ही विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु नंदलाल के दर्शन के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं।
जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को विभिन्न प्रकार के भोग और पकवान अर्पित किए जा रहे हैं। इस दौरान कान्हा को 5 किलो मोतीचूर के लड्डू का विशेष भोग लगाया गया।
दिनभर होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम
मंदिर के पुजारी ने बताया कि सुबह से ही व्रती श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और दिनभर भक्तों का आना-जाना जारी रहेगा।
जन्माष्टमी को खास बनाने के लिए मंदिर में भजन, पूजा-पाठ और यज्ञ सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। छोटे बच्चों और उनके परिजनों के लिए दीप सजाओ और राधा-कृष्ण सज्जा प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
रात 12 बजे मनाया जाएगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
तिथि के अनुसार रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं के लिए भगवान के विशेष दर्शन की व्यवस्था की गई है।





