July 31, 2026

धमतरी के कोलियारी में अतिक्रमण हटाने को लेकर बवाल, ग्रामीणों और राजस्व टीम में तीखी नोकझोंक

धमतरी। रायपुर के नकटी गांव के बाद अब धमतरी जिले के कोलियारी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर तनाव की स्थिति बन गई है। मंगलवार को 50 से अधिक मकानों को खाली करने के लिए राजस्व विभाग द्वारा अल्टीमेटम दिए जाने के बाद ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस और नोकझोंक हुई। कुछ समय के लिए मौके पर माहौल गर्मा गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन एक निजी संस्थान को जमीन उपलब्ध कराने के लिए उन पर दबाव बना रहा है और उन्हें उनके घरों से हटाने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि धमतरी में भी रायपुर के नकटी गांव जैसी स्थिति पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।

राजस्व विभाग का दावा- अतिक्रमण कर बनाए गए हैं 50 से अधिक मकान

वहीं राजस्व विभाग का कहना है कि संबंधित भूमि पर 50 से अधिक मकान अतिक्रमण कर बनाए गए हैं। नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया के तहत संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर घर खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया है।

नोटिस मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। इस दौरान राजस्व अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

घर खाली करने के निर्देश, आंदोलन की चेतावनी

राजस्व अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संबंधित लोगों को जल्द से जल्द अतिक्रमित भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।