धमतरी।
धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसमर्रा में सूने मकान में हुई लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहनों और नगदी की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में रायपुर के एक सराफा कारोबारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के गहने, 10 ग्राम का सोने का बिस्किट और वारदात में इस्तेमाल की गई कुदाली बरामद की है।
परिवार के बाहर जाते ही सूने मकान को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार ग्राम कोसमर्रा निवासी कृष्ण कुमार कोसरे 13 मई को अपने परिवार के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने अभनपुर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात व नगदी चोरी कर फरार हो गए।
17 मई को परिवार के वापस लौटने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद भखारा थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।
मुखबिर की सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। इसके आधार पर संदेही घनश्याम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी हेमंत उर्फ सोनू मानिकपुरी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मकान और आलमारी का ताला तोड़कर जेवरात और नगदी चोरी की थी। चोरी के बाद दोनों ने जेवर आपस में बांट लिए, जबकि नगदी खर्च कर दी।
गहने गलाकर बनाया गया सोने का बिस्किट
जांच के दौरान पुलिस को एक और बड़ा खुलासा मिला। आरोपियों ने चोरी का सोने का गुलबंद हार रायपुर निवासी सराफा कारोबारी ओमप्रकाश सोनी को बेच दिया था। कारोबारी ने हार को गलाकर 10 ग्राम का सोने का बिस्किट तैयार कर लिया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोने का बिस्किट बरामद किया और सराफा कारोबारी को भी मामले में आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने घनश्याम यादव, हेमंत उर्फ सोनू मानिकपुरी और सराफा कारोबारी ओमप्रकाश सोनी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों का किसी अन्य चोरी की वारदात से भी संबंध है या नहीं।





