July 23, 2026

धमतरी में स्कूल के पास हेरोइन बेचने की फिराक में दो तस्कर गिरफ्तार, चिट्टा और बाइक जब्त

धमतरी।

धमतरी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुरूद थाना क्षेत्र में स्कूल के पास हेरोइन (चिट्टा) बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.1 ग्राम हेरोइन, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम छाती स्थित एनएच-30 हाईस्कूल के पास दो युवक हेरोइन बेचने की तैयारी में हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1.1 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 36 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाहिद खान और केशवराम ध्रुव, दोनों निवासी संजय नगर, कुरूद के रूप में हुई है।