May 19, 2026

धमतरी में प्रेमी जोड़े ने लगाई फांसी, खेत में आम के पेड़ से लटके मिले शव

धमतरी। जिले में प्रेमी जोड़े द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आया है, जहां युवक और नाबालिग युवती ने खेत में फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों मंगलवार शाम से अपने-अपने घर से लापता थे और परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। बुधवार सुबह खेत में आम के पेड़ पर दोनों के शव फंदे से लटके मिले।

पूरा मामला सिहावा थाना क्षेत्र का है।

खेत में मिले शव

सिहावा थाना क्षेत्र के महुआबहार गांव के बाहर खेत में ग्रामीणों ने आज सुबह युवक-युवती के शव लटकते हुए देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को फंदे से उतारा।

युवती की पहचान महुआबहार गांव की 17 वर्षीय नाबालिग (कक्षा 10वीं की छात्रा) के रूप में हुई है, जबकि युवक की पहचान गेंदाभर्री निवासी 20 वर्षीय मानेस मरकाम के रूप में हुई है।

प्रेम संबंध की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था। दोनों मंगलवार शाम से अपने घरों से लापता थे।

खास बात यह है कि जिस खेत के आम के पेड़ में दोनों ने फांसी लगाई, वह खेत नाबालिग के पिता का ही बताया जा रहा है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल ग्रामीणों और परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।