धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पत्नी की मौत के सदमे से टूटे एक व्यक्ति ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
मृतक की पहचान अनिल सोनी के रूप में हुई है, जो ब्राह्मण पारा का निवासी था। परिजनों के अनुसार, कुछ समय पहले उसकी पत्नी का निधन हो गया था, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में रह रहा था। प्रारंभिक आशंका है कि इसी वजह से उसने जहरीला पदार्थ खा लिया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
जहर सेवन के बाद परिजन अनिल सोनी को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।





