July 23, 2026

लकवा की दवा के नाम पर युवक से 13 हजार की ठगी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लकवा की बीमारी के इलाज के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। दो अज्ञात लोगों ने चमत्कारी दवा का झांसा देकर एक युवक से करीब 13 हजार रुपये ऐंठ लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला भखारा थाना क्षेत्र का है। पीड़ित मनीष दीक्षित ने पुलिस को बताया कि उनकी माता लकवा से पीड़ित हैं और वे उनके इलाज के लिए आयुर्वेदिक दवा की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उनसे मिले और लकवा की प्रभावी दवा होने का दावा करते हुए उन्हें दवा बेच दी।

दवा खरीदने के बाद जब मनीष ने उसके बारे में इंटरनेट पर जानकारी जुटाई, तो पता चला कि उक्त दवा का लकवा के इलाज से कोई संबंध नहीं है। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने भखारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ ही संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।