धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़के की लाश करीब 40 फीट गहरे कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान धनेश ध्रुव के रूप में हुई है, जो कुरूद का ही रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक, धनेश का शव कुरूद स्थित एक राइस मिल के पास बने कुएं से बरामद किया गया।
जुआ खेलने के दौरान कुएं में गिरने की चर्चा
घटना को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, कुछ नाबालिग लड़के कथित तौर पर जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान पुलिस के पहुंचने की सूचना पर वहां अफरा-तफरी मच गई और सभी इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान धनेश के कुएं में गिरने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, पुलिस ने इस आशंका से अलग जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक, कुरूद क्षेत्र में जुए के खिलाफ कार्रवाई जरूर हुई थी, लेकिन नाबालिग की मौत की घटना का जुए की कार्रवाई से कोई संबंध नहीं है। पुलिस ने दोनों घटनाओं के घटनास्थल भी अलग-अलग बताए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। नाबालिग की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।





