धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दो दिनों से लापता एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। फुटहामुड़ा के जंगल में उसकी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। यह मामला केरेगांव थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान पुनुराम मंडावी के रूप में हुई है, जो केरेगांव थाना क्षेत्र के माकरदोना गांव का निवासी था। वह दो दिन पहले घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी, जिसके बाद उसका शव जंगल में मिला।
फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जिला अस्पताल धमतरी के डॉक्टर राजेश सूर्यवंशी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए लाया गया है और जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।





